बिना भेदभाव हर वार्ड तक पहुंचा विकास, तीन वर्षों में करीब 50 करोड़ रुपये से कराए गए जनहित के काम
पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने किया दावा, कहा- 'नगर पालिका के तीन साल, बेमिसाल'
बदायूं में हुआ जमकर विकास, 2027 में सपा सरकार बनने पर शहर की बदलेगी नई तस्वीरः सांसद आदित्य यादव
जनता ने जिस भरोसे से फात्मा रज़ा को चुना, उन्होंने विकास कर उस विश्वास को मजबूत कियाः पूर्व मंत्री आबिद रजा
सबकी बात न्यूज
बदायूं। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष फात्मा रजा के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार देर शाम नगर पालिका परिसर में आयोजित उपलब्धि समारोह में विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि सपा सांसद आदित्य यादव ने फात्मा रज़ा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में बदायूं शहर में अनेक ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद शहर के विकास को और अधिक गति मिलेगी।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि नगर पालिका द्वारा कराए गए विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्होंने शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सफाई जैसे क्षेत्रों में हुए कार्य आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाले हैं। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा और पूरी टीम को तीन वर्षों की उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए आगे भी जनहित में इसी तरह कार्य करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि वर्ष 2023 में शहर की जनता ने जिस भरोसे के साथ फात्मा रज़ा को नगर पालिकाध्यक्ष चुना था, उन्होंने विकास कार्यों के माध्यम से उस विश्वास को मजबूत किया है। उन्होंने फात्मा रज़ा से अगले दो वर्षों में भी इसी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
--------
पालिकाध्यक्ष ने पेश किया लेखाजोखा
बदायूं। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर पालिका द्वारा 189 सड़कों एवं गलियों का निर्माण कराया गया, जबकि जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 33 नए नालों का निर्माण कराया गया। पेयजल संकट से राहत दिलाने के उद्देश्य से छह मिनी नलकूप स्थापित किए गए। कई इलाकों में नई पाइप लाइनें बिछाई गईं तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए तीन एमआरएफ सेंटर स्थापित किए गए। इसके साथ ही तीन जेसीबी मशीनें, दस ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, 41 ई-रिक्शा, पांच टैंपो और आठ बड़े कूड़ेदान खरीदे गए, जिससे कूड़ा
उठान और सफाई व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कहा कि शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 900 एलईडी स्ट्रीट लाइटें तथा प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर ऑक्टागोनल पोल के साथ आधुनिक एलईडी लाइटें स्थापित कराई गईं। इन सभी विकास कार्यों पर लगभग 49 करोड़ 89 लाख 93 हजार रुपये व्यय किए गए। विकास कार्यों के साथ कर्मचारियों के हितों को भी सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई। नगर पालिका कर्मचारियों के वर्षों से लंबित 16 करोड़ 73 लाख 12 हजार रुपये के बकाया का भुगतान कराया गया, जिससे कर्मचारियों में नई ऊर्जा और विश्वास पैदा हुआ। कहा कि पालिका ने सभी धर्मों के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए विकास को सामाजिक समरसता का माध्यम बनाया है।
उन्होंने दावा किया कि तीन वर्षों में बनी लगभग 50 प्रतिशत सड़कें हिंदू बाहुल्य क्षेत्रों तथा लगभग 50 प्रतिशत सड़कें मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बनाई गईं। विकास कार्यों का आधार केवल जनहित और आवश्यकता रही, न कि किसी प्रकार का भेदभाव। यही कारण है कि आज शहर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
--------
पूर्व मंत्री आबिद रजा को दिया श्रेय
बदायूं। फात्मा रज़ा ने अपने तीन वर्षों की उपलब्धियों का श्रेय पूर्व मंत्री आबिद रज़ा को देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व, निरंतर मार्गदर्शन और सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की सोच से प्रेरणा लेकर ही नगर पालिका लगभग 50 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने में सफल हुई है। उन्होंने नगर पालिका के सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी बदायूं के विकास की रफ्तार इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।

SAB KI BAAT
