...और जब शेखूपुर के लोग बोले- 'अपने ही वोटर को ठग लिया विधायक ने, जीत गए तो पलटकर तक नहीं देखा'
शेखूपुर विधानसभा के लोगों में दिख रही वर्तमान विधायक हिमांशु यादव के प्रति नाराजगी
बोले- 'अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री देखना चाहती है जनता'
नारे लगाए- 'अखिलेश यादव से बैर नहीं, विधायक तेरी खैर नहीं'
सबकी बात न्यूज
बदायूं। स्थानीय विधायक के प्रति लोगों की नाराजगी उस समय सामने आ गई जब पूर्व मंत्री आबिद रजा शेखूपुर विधानसभा में लोगों से मिलने पहुंचे। लोगों ने साफ कहा कि साढ़े चार साल में विधायक हिमांशु यादव ने यहां पलटकर तक नहीं देखा।विधानसभा के लोगों की समस्याएं दूर करना तो बड़ी बात, यहां लोगों का उत्पीड़न होता रहा, लेकिन विधायक ने किसी की आवाज तक नहीं उठाई।
इसी दौरान कुछ युवा आक्रोश में आ गए और उन्होंने 'अखिलेश यादव से बैर नहीं, विधायक तेरी खैर नहीं' के नारे लगा दिए। आबिद रजा ने भी उनसे वायदा लिया कि 2027 में हमें मिलकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना होगा।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व मंत्री राष्ट्रीय सचिव व पार्टी के स्टार प्रचारक आबिद रज़ा पूरे जिले में समाजवादी पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। विशेष तौर पर वह शेखूपुर विधानसभा का दौरा लगातार कर रहे हैं जहां जनता भी उन्हें हाथोंहाथ ले रही है। इसी क्रम में मंगलवार को पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने शेखूपुर के कई गांवों में दौरा किया।
---------
यादव व मुस्लिम बाहुल्य गांवों में दिखी विधायक के प्रति नाराजगी
बदायूं। पूर्व मंत्री आबिद रजा जब कई यादव व मुस्लिम बाहुल्य गांवों में पहुंचे तो यहां के वोटरों में विधायक के प्रति खासी नाराजगी दिखाई दी। दरअसल, मुस्लिम और यादव सपा का परंपरागत वोटर माना जाता है। ऐसे में विधायक की बेरुखी का मलाल पूर्व मंत्री के सामने उबलकर बाहर आ गया। लोग बोले कि वे अखिलेश यादव और पार्टी के सम्मान में वोट डालते हैं। 2022 में उन्होंने बड़ी उम्मीद से हिमांशु यादव को
पार्टी का विधायक चुना था लेकिन विधायक बनने के साढ़े चार साल बाद तक उन्होंने वोटर की तरफ पलटकर नहीं देखा। यादव, मुस्लिम समाज व हिंदू, जिन्होंने पार्टी को वोट दिया उनके गांवों की कोई सड़क तक नहीं बनी। बेगुनाह वोटर पर पुलिस का उत्पीड़न होता रहा। ककराला कांड में लगभग 300-400 बेगुनाह मुसलमानों को जेल भेजा गया, फर्जी मुकदमें लगाए गए लेकिन स्थानीय विधायक ने उनकी आवाज तक उठाना मुनासिब नहीं समझा। लोगों ने यह आरोप तक लगाया कि इतने साल तक विधायक निधि से विपक्षी लोगों के स्कूलों को रुपया दिया गया लेकिन पार्टी के वोटर को कुछ नहीं मिला। विधायक निधि का सारा काम एक व्यक्ति को दिया गया।
-----
बोले- 'हमारी शिकायत पहुंचा देना अखिलेश यादव तक'
बदायूं। विधायक से नाराज दिखे लोगों ने पूर्व मंत्री आबिद रजा से कहा कि वह उनकी बात राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक जरूर पहुंचा दें। लोगों ने यह भी कहा कि उन्हें अखिलेश यादव से कोई शिकायत नहीं है तथा 2027 में वे उन्हें मुख्यमंत्री देखना
चाहते हैं। इस पर पूर्व मंत्री ने उनकी बात को राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचाने का आश्वासन देकर उनसे वायदा भी लिया कि वे 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए उनके हाथ मजबूत करें। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं।
-------
मंदिर में महंत ने पूर्व मंत्री को लगाया तिलक
बदायूं। पूर्व मंत्री आबिद रजा जब शेखूपुर विधानसभा के कश्यप बाहुल्य गांव ललसी नगला पहुंचे तो वहां समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। वहां के लोग
उन्हें प्राचीन शिव मंदिर ले गए, जहां मंदिर के महंत ने पूर्व मंत्री को विजय तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान युवाओं में भी पूर्व मंत्री को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई युवाओं ने उनके साथ सेल्फी ली।
SAB KI BAAT
