फैजगंज बेहटा कस्बे में थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित दुकानों पर पिलाई जा रही शराब
सुबह छह बजे ही लग जाता है शराबियों का जमावड़ा, पुलिस को नहीं दिखता
सबकी बात न्यूज
बदायूं। क्या खाकी के पहरे में कानून सो रहा है? यह सवाल फैजगंज बेहटा कस्बे के उन आम नागरिकों और स्कूली बच्चों के अभिभावकों की जुबान पर है, जो थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर चल रहे शराब के अवैध धंधे से परेशान हैं। कस्बे में पुलिस की नाक के नीचे नमकीन आदि की दुकान को चखने की दुकान में बदल दिया गया है। दुकान की आड़ में अवैध शराब परोसने का खेल यहां धड़ल्ले से चल रहा है, जिस पर पुलिस प्रशासन की चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
फैजगंज थाने से महज 100 कदम की दूरी पर स्थित कुछ दुकानें स्थानीय दुकानदारों के लिए काली कमाई का सबसे बड़ा जरिया बन चुकी हैं। ये दुकानदार सुबह छह बजे से ही शराबियों को अवैध रूप से ब्लैक में शराब उपलब्ध करा देते हैं। आलम यह है कि सुबह होते ही इन दुकानों पर शराबियों का हुजूम जुटने लगता है; सबसे शर्मनाक और चिंताजनक पहलू यह है कि जिस जगह पर यह अवैध मयखाना सजाया जा रहा है, उसके बेहद करीब ही स्कूल स्थित है। सुबह के वक्त जब मासूम स्कूली बच्चे अपने बस्ते लादकर ज्ञान के मंदिर की तरफ बढ़ते हैं, तो उन्हें शराबियों की भीड़, शोर के साथ गाली गलौज के बीच से गुजरना पड़ता है। महिलाओं और राहगीरों के लिए भी इस रास्ते से निकलना दूभर हो गया है। थाने से चंद कदमों की दूरी पर दिन के उजाले में चल रहे इस अवैध कारोबार से क्या स्थानीय पुलिस पूरी तरह अनजान है? कस्बेवासियों का साफ कहना है कि बिना खाकी की अनदेखी या संरक्षण के इतने करीब ऐसा खुला खेल संभव ही नहीं है। पुलिस की लचर गश्त और उदासीनता के कारण इन अवैध कारोबारियों के हौसले आसमान छू रहे हैं। स्कूली बच्चों के अभिभावकों और आक्रोशित नागरिकों ने अब पुलिस के उच्चाधिकारियों और आबकारी विभाग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
(कस्बे के लोगों द्वारा भेजे गए शिकायती पत्र पर आधारित)
------------------------------
(ऐसी ही खबरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें) -
वीडियोः चंदौसी में जमकर हो रही शराब की ओवररेटिंग, नहीं सुन रहा विभाग
अवैध तरीके से देशी शराब बनाकर टैक्स चोरी करता रहा प्रणय अनेजा, बदायूं में होता रहा 'सम्मान'
आधी रात को शराब चाहिए, गद्दी चौक चले आइये...बस थोड़ा रेट ज्यादा देना होगा
ये 'जादुई' शटर हैं...सुबह हो या आधी रात, नीचे से हाथ डालो, पैसा दो....यहां से निकलती है शराब
SAB KI BAAT